Report ring desk
देहरादून। जन्मदिन से एक दिन पहले मंगलवार को क्रिकेट खिलाड़ी ऋषभ पंत बद्री विशाल के दर्शन के लिए बदरीनाथ धाम पहुंचे। वह दुर्घटना की चोट से उबरने के बाद बाबा के दर पर पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ऋषभ पंत ने बद्री विशाल के दर्शन किए। बता दें कि पिछले साल दिसंबर में ऋषभ पंत का एक्सीडेंट हो गया था। हादसे के बाद से ही वह क्रिकेट से दूर हैं।

ऋषभ पंत का 4 अक्टूबर को 26 वां जन्मदिन है। जन्मदिन से ठीक पहले वह बदरीनाथ धाम पहुंचे तो फैन उनकी एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे। इस दौरान उनके साथ खानपुर विधायक उमेश कुमार भी मौजूद रहे।
दिसंबर 2022 में क्रिकेट खिलाड़ी ऋषभ पंत हादसे में घायल हो गये थे। हादसा दिल्ली से रुड़की लौटते समय हुआ। बता दें कि रुड़की में ऋषभ पंत का घर है। उनकी कार नारसन कस्बे में पहुंची तो कार अनियंत्रित होकर रैलिंग और खंभों को तोड़ते हुए पलट गई। हादसे में उनकी मर्सिडीज कार में आग लग गई थी। इस हादसे में ऋषभ पंत का बचना किसी चमत्कार से कम नहीं था। खैर पिछले साल से ही ऋषभ पंत रिकवर कर रहे हैं। इस हादसे में उनके पैरों में गंभीर चोटें आई थी। रिकवरी के बीच अब वह भगवान के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लेने उत्तराखंड पहुंचे हैं।

