हरिद्वार। हरिद्वार में ऊपरी खंड गंगनहर को मरम्मत के काम के चलते 18 दिनों तक बंद कर दिया गया है। वार्षिक मरम्मत कार्यों के कारण बंद की गई इस नहर के चलते अब सात और आठ नवंबर की मध्य रात्रि को दीपावली के पावन पर्व पर नहर में दोबारा जल की निकासी चालू की जाएगी। इस दौरान नहर से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में विकास और रख-रखाव के कार्य तेजी से किए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की इस वार्षिक बंदी के दौरान गंगनहर में रंग-रोगन, पुलों की मरम्मत, सिल्ट की सफाई और रेगुलेटरों में ऑयलिंग का काम किया जाएगा। इसके अलावा सिंचाई के लिए बने नालों और रजवाहों की मरम्मत भी पूरी की जाएगी। मेला प्रशासन भी आगामी आयोजनों और कुंभ मेले के दृष्टिगत नए घाटों और पुलों के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने में जुटा हुआ है।
आम जनता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं के लिए हरकी पैड़ी और ब्रह्मकुंड पर स्ïनान के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध रहेगा। यूपी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने जानकारी दी है कि नहर में मुख्य पानी बंद होने के बाद भी भागीरथी बिंदु से हरकी पैड़ी के लिए 200 क्यूसेक जल लगातार उपलब्ध कराया जाएगा।







Leave a Comment