देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ गुरुवार शाम देहरादून की कैंट कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मंत्री ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने विवाहित होने के बावजूद धोखे से शादी की और उनको जान से मारने का षडय़ंत्र भी रचा था। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पति गिरधारी लाल साहू का कई दूसरी महिलाओं के साथ भी संबंध है। मंत्री रेखा आर्या ने पुलिस को एक ऑडियो मिलने की जानकारी भी दी है। आरोप है कि इसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत के दौरान उनकी (रेखा आर्या) की हत्या की साजिश रचने की बात कर रहा है।
तहरीर में रेखा आर्या ने बताया है कि उनका विवाह 6 जुलाई 2004 को उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। रेखा आर्या का आरोप है कि गिरधारी लाल ने विवाह के समय अपनी पहली शादी की बात छिपाई थी। कुछ साल बाद उसे पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं। तहरीर के मुताबिक आर्या का आरोप है कि गिरधारी के कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं। इसे लेकर आपत्ति जताने पर आरोपी ने लिखित और मौखिक माफी मांगी, लेकिन हरकतों से बाज नहीं आया। विरोध करने पर उसने मारपीट और गाली-गलौज की और सरकारी आवास में स्टाफ के सामने अपमानजनक जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने कूटरचित हस्ताक्षर और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बिना किसी त्यागपत्र के उन्हें संबंधित कंपनियों के निदेशक पद से सेवानिवृत्त दर्शा दिया।
हाल में मंत्री रेखा को एक ऑडियो मिला है। इसमें गिरधारी एक महिला से बात करते हुए मंत्री को जान से मारने का षड्यंत्र रच रहा है। आर्या ने खुद को और अपने नाबालिग बच्चों की जान को खतरा बताते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि मंत्री की शिकायत पर उनके पति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मंत्री की बिगड़ी तबीयत
वीडियो जारी करने के तुरंत बाद ही कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और ब्लड प्रेशर बढऩे की शिकायत के बाद उन्हें तुरंत डालनवाला के कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।







Leave a Comment