मसूरी। दिल्ली से मसूरी घूमने आए एक युवक की शुक्रवार सुबह लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से गिरने के बाद मौत हो गई। युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। पुलिस ने उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान शिवम पुत्र अजय, निवासी 572 मस्जिद लाइन, भोगल, नई दिल्ली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवम मसूरी घूमने आया था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट पर मौजूद था। इसी दौरान वह अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। युवक व्यू प्वाइंट से किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।







Leave a Comment