सिनेमा समाज और राष्ट्र को जागृत करने का माध्यम- राष्ट्रपति
नई दिल्ली। दिल्ली के विज्ञान भवन में आज 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बॉलीवुड से लेकर साउथ और तमाम फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सितारे पहुंचे। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने साल 2023 की फिल्मों के लिए एक्टर्स, डायरेक्टर्स, प्रोड्यूसर्स और सिनेमा से जुड़ी तमाम हस्तियों को अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। इस दौरान पहली बार बॉलीवुड के किंग यानी शाहरुख खान को उनके करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड दिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सिनेमा सिर्फ एक उद्योग नहीं है, यह समाज और राष्ट्र को जागृत करने और नागरिकों को अधिक संवेदनशील बनाने का एक सशक्त माध्यम भी है। किसी फिल्म के लिए लोकप्रियता अच्छी बात हो सकती है। लेकिन लोगों के हित, खासकर युवा पीढ़ी के हित की की बात फिल्मों के जरिए करना ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिस तरह शैक्षणिक संस्थानों के पुरस्कार समारोहों में विजेता बेटियों की अधिक संख्या एक विकसित भारत की छवि को दर्शाती है, उसी तरह फिल्म पुरस्कारों में भी यही प्रयास किया जाना चाहिए। मेरा मानना है कि अगर समान अवसर दिए जाएं तो महिलाएं असाधारण प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।
पहली बार नेशनल अवॉर्ड लेने के लिए शाहरुख खान ब्लैक कलर के फॉर्मल कपड़े पहनकर पहुंचे थे। शाहरुख को ये अवॉर्ड उनकी फिल्म जवान के लिए दिया गया है। वहीं, एक्ट्रेस रानी मुखर्जी को भी फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉवे’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड दिया गया। रानी ब्राउन रंग की साड़ी पहने विज्ञान भवन पहुंची थी।
एक्टर विक्रांत मैसी को भी फिल्म 12जी फेल के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड दिया गया। विक्रांत क्रीम कलर के फॉर्मल लुक में पहुंचे थे। इसके अलावा फिल्म ‘कटहल’ को बेस्ट हिंदी फिल्म का अवॉर्ड मिला। इस अवॉर्ड को लेने के लिए एकता कपूर पहुंची थी और उन्होंने खुशी जताते हुए इसे पूरी टीम की मेहनत बताया। इसके अलावा सुदीप्तो सेन को द केरला स्टोरी के लिए बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला। रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के ढिंढोरा गाने के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का अवॉर्ड मिला।







Leave a Comment