Report ring Desk
चण्डीगढ़। चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे। चरणजीत ने राज्यपाल के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। राज्यपाल से मिलने के बाद बाहर आकर चन्नी ने मीडियाकर्मियों से बातचीत की। चन्नी ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों ने सर्वसम्मति जो फैसला लिया है उसके बारे में राज्यपाल को बता दिया गया है। राज्यपाल ने कल शपथ ग्रहण का समय तय किया है।
इससे पहले सीएम पद को लेकर कल से ही कई नामों के चर्चाएं रही। लेकिन अंतत: पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने घोषणा की कि चरणजीत सिंह चन्नी को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया है। पहले सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम लगभग तय माना जा रहा था लेकिन हाईकमान ने अंतिम क्षणों में उनका पत्ता काट दिया।
इससे पूर्व सुखजिंदर सिंह रंधावा का पंजाब का नया मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा था। कांग्रेस विधायकों की बैठक में सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम पर सहमति भी बन गई थी। लेकिन हाईकमान ने अंतिम क्षणों में उनका पत्ता काट दिया।
अंबिका सोनी का नाम मुख्यमंत्री की दौड़ में चल रहा था, लेकिन अंबिका ने इस पद के लिए इन्कार के बाद मामला फिर उलझ गया था।
मालूम हो कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद पंजाब का अगला सीएम कौन होगा, इस पर सबकी नजरें लगी हुई थी।